शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
म्योरपुर(सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रनटोला स्थित जमतिहवा नाला की पुलिया के पास खराब होकर खड़े ट्रक में पीछे से एक दूसरा ट्रक घुस गया। हादसे में दूसरे ट्रक के चालक अफसर अहमद (60) पुत्र मुस्तफा निवासी मोहिउद्दीनपुर, प्रयागराज गंभीर रूप से घायल हो गए। वह ओडिशा से तार का बंडल लोड कर गाजियाबाद जा रहे थे। बताया गया कि बुधवार की रात जमतिहवा नाला के पास सामने से आ रहे स्कूटी सवार को बचाने के दौरान उनका ट्रक पहले से खराब होकर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गया।
पुलिस ने पहुंचकर कराया सीएचसी में भर्ती, जिला अस्पताल रेफर
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया। अस्पताल में डा. पल्लवी सिन्हा ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जमतिहवा नाला की पुलिया के पास पहले भी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती रही हैं।