अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। अखिल भारतीय बनवासी कल्याण आश्रम द्वारा संचालित सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड चपकी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल ने स्वास्थ्य शिविर, कौशल विकास कार्यक्रम एवं नवीन भवनों का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने चिकित्सकों से मुलाकात कर स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और भवनों का अवलोकन किया। लखनऊ, वाराणसी और आगरा से आए चिकित्सकों, आयुर्वेद संस्थान तथा दंत चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उपचार किया। शिविर में एक हजार से अधिक मरीजों का उपचार किया गया। आंख और दांत के चिकित्सकों के पास मरीजों की भीड़ बनी रही। जांच के बाद मरीजों को दवाओं का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के किसानों में एक लाख फलदार पौधों का वितरण किया गया। क्षेत्रीय जनजाति संपर्क प्रमुख हरीश जी ने बताया कि आम, अमरूद, महुआ, नींबू, जामुन, बेल, सहजन और आंवला के पौधे किसानों को दिए गए। सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल ने अपने हाथों से किसानों को पौधे वितरित कर उनकी सुरक्षा एवं देखभाल करने की अपील की।
— बच्चों को संस्कार और शिक्षा से देश को मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम की शुरुआत से पहले सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल ने बिरसा मुंडा सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों के साथ प्रार्थना सभा में सहभागिता की और उनसे मुलाकात की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही स्वयं को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को नियमित रूप से संस्कार एवं शिक्षा आधारित गतिविधियों से जोड़ने की बात कही। इस दौरान प्रधानाचार्य राजेश कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में मनीराम पाल, भगवान सहाय, पूर्व सांसद रामसकल, अनिल जी, उपेंद्र जी, उप जिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, श्रवण कुमार, ओपी गोयल, डीएफओ कमल कुमार, एसडीओ अखिलेश पटेल, रेंजर प्रेम प्रकाश चौबे, डिप्टी रेंजर अभिषेक गुप्ता, वन दरोगा शशांक सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
.