Breaking News
कुएं पर रखी लकड़ी टूटी, गहरे कुएं में गिरा किसान, मौत     |     रिहंद जलाशय में उतराता मिला अज्ञात युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी     |     मालगाड़ी की पटरी पर युवक का कटा शव मिलने से मचा हड़कंप     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं संग काटा केक, किया भोजन

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अपने जन्मदिवस को नवाचार के रूप में मनाते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के बीच जन्मदिवस मनाया। उन्होंने छात्राओं के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं और उनके साथ भोजन भी किया। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर आरुषि मिश्रा भी उपस्थित रहीं। जिलाधिकारी ने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों की जानकारी ली तथा उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, प्रशासन, खेल, तकनीक और सेना सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

स्मार्ट क्लास का लिया जायजा, अधिकारियों को बच्चों संग खुशियां साझा करने के लिए किया प्रेरित

जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल माध्यम से दी जा रही शिक्षा का जायजा लिया और डिजिटल संसाधनों के उपयोग व शिक्षण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय के आवागमन मार्ग, पठन-पाठन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकताओं का तत्काल आकलन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में छात्राओं को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा। जिलाधिकारी ने जनपद के अधिकारियों को भी प्रेरित किया कि वे अपने विशेष एवं खुशी के अवसरों को विद्यालयों, आश्रम पद्धति विद्यालयों और बाल संस्थानों में बच्चों के साथ साझा करें, ताकि उनमें अपनत्व, आत्मविश्वास और सकारात्मक भावनाओं का विकास हो। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रॉबर्ट्सगंज महेंद्र मौर्य सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।


Blog single photo





Top