SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
रामपुर_बरकोनिया(सोनभद्र)। भारतदीप दुलारे राम कुंजुर की हत्या के मामले का रामपुर बरकोनिया पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 15/16 अगस्त की रात मृतक अचानक गायब हुआ था और बाद में उसका शव कसरहिया नदी पुल के नीचे पानी में मिला था। परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने पर 17 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में मृतक के एक लड़की से पूर्व प्रेम प्रसंग और बाद में उक्त लड़की द्वारा आरोपी शुभम पासवान से बातचीत किए जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद एवं रंजिश की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश में शुभम ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मृतक के साथ मारपीट की तथा गला दबाकर और पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से बाहर भागने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने हसुआ नदी पुल के पास ग्राम करवनिया क्षेत्र से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार पासवान, संदीप कुमार उर्फ छोटू और आत्मानन्द उर्फ लप्पू गौतम, सभी निवासी ग्राम पटना, थाना रामपुर बरकोनिया, के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) ऋषभ रूणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।