रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजमिलान स्थित बिछियारी नदी में मंगलवार की अपराह्न लकड़ी के सहारे नदी में तैरने गए कई किशोरों के साथ हादसा हो गया। बताया गया कि लकड़ी गहरे पानी में जाने से कई किशोर डूबने लगे। पास मौजूद ग्रामीणों ने कुछ किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक किशोर को बचाने के लिए नदी में कूदे अधेड़ राजकुमार (50) और बालक लल्लू (10) पुत्र मनराज गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पीआरबी पुलिस 112 और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
पूर्व प्रधान शिवशरण ने बताया कि रजमिलान निवासी लल्लू और राजकुमार के नदी में डूबने की बात सामने आई है और उनकी तलाश की जा रही है। नदी के तेज बहाव के चलते ग्रामीणों को खोजबीन में परेशानी हो रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ और पीएससी बाढ़ दल को सूचना दे दी गई है। टीम के मौके पर पहुंचते ही दोनों की तलाश के लिए अभियान चलाया जाएगा।