Breaking News
कुएं पर रखी लकड़ी टूटी, गहरे कुएं में गिरा किसान, मौत     |     रिहंद जलाशय में उतराता मिला अज्ञात युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी     |     मालगाड़ी की पटरी पर युवक का कटा शव मिलने से मचा हड़कंप     |     
Share on

  रघुराज सिंह संवाददाता

• विभिन्न मांगों को लेकर शव सड़क पर रखकर बैठे परिजन, एनटीपीसी प्रबंधन से वार्ता के बाद हुआ समझौता

बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरसोती गांव के बैरियर के पास बुधवार की सुबह मालगाड़ी ट्रेन की पटरी पर एक युवक का कटा शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शव देखा तो गांव में सूचना फैल गई और मौके पर ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर सड़क पर रखवाया। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन संविदा कार्य, मुआवजा सहित विभिन्न मांगों को लेकर शव के साथ सड़क किनारे बैठ गए। मौके पर पुलिस और सीआईएसएफ सुरक्षा व्यवस्था में जुटी रही, जबकि एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन के अधिकारी परिजनों को समझाने-बुझाने में लगे रहे। मृतक की पहचान गोविंद कुमार (31) जायसवाल पुत्र दीपक कुमार जायसवाल, निवासी सिरसोती के रूप में हुई।

• मोबाइल घर भेजने के बाद ट्रैक पर कैसे पहुंचा युवक, जांच में जुटी पुलिस

परिजनों के अनुसार मृतक अन्यत्र काम करता था और करीब एक सप्ताह पहले घर आया था। मौत से पहले मंगलवार को उसने किसी के हाथ अपना मोबाइल घर भेजवा दिया था। इसके बाद वह मालगाड़ी की पटरी तक कैसे पहुंचा, यह अभी पहेली बनी हुई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर एनटीपीसी प्रबंधन से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन ने कहा कि पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर प्रबंधन स्तर से अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी सुग्रिता जायसवाल और दो पुत्र अंकुश (9) व अंकित (6) को छोड़ गया है। पति की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।





Top