यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता
डाला(सोनभद्र)। 'हर हर महादेव काँवर सेवा समिति' के तत्वावधान में सावन के अंतिम सोमवार, 24 अगस्त को डाला क्षेत्र में भव्य काँवर यात्रा एवं जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर हजारों की संख्या में शिव भक्त व श्रद्धालु पवित्र सोन नदी से जल भरकर अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुँचेंगे।
समिति के अनुसार, सावन के अंतिम सोमवार को सुबह 9 बजे चोपन स्थित श्री सोनेश्वर घाट से शिव भक्त सोन नदी का पवित्र जल लेकर काँवर संग पैदल यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई डाला स्थित श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुँचेगी, जहाँ भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा की तैयारियों को लेकर स्थानीय रामलीला मैदान में सुबह 6 बजे से ही श्रद्धालुओं और सेवादारों का जुटना शुरू हो जाएगा। समिति के संस्थापक/संयोजक अनिकेत श्रीवास्तव ने समस्त क्षेत्रवासियों व शिव भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रामलीला मैदान में पहुँचकर काँवरियों की सेवा और यात्रा की व्यवस्था में अपना अमूल्य योगदान दें।