SVG इण्डिया न्यूज रूम
बभनी(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के सागोबांध बाजार में केमिकल के जरिए नोट तैयार करने का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों के पास से केमिकल और पेपर के बंडल मिलने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ और मामले की जांच कर रही है।
• रिश्तेदारों से मिली जानकारी के बाद समय रहते पकड़ में आए आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी लोगों को गुमराह कर केमिकल के जरिए नोट तैयार करने का झांसा देकर टप्पेबाजी करते थे। सोनभद्र में भी कुछ लोगों को अपना शिकार बनाने की कोशिश की गई, लेकिन इससे पहले ही उनके मंसूबों की जानकारी लोगों को हो गई। दरअसल, छत्तीसगढ़ में इसी तरह की ठगी के शिकार हुए लोगों के रिश्तेदार सोनभद्र में बताए जा रहे हैं। रिश्तेदारों के जरिए यहां के लोगों को आरोपियों के तरीके की जानकारी मिल गई थी।
जानकारी होने के बाद लोगों ने आरोपियों को पहचान लिया और समय रहते पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। छत्तीसगढ़ में ठगी के शिकार हुए लोगों को भी मामले की जानकारी देकर बुलाया गया है। फिलहाल सोनभद्र के एक व्यक्ति की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपियों ने इससे पहले कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया है।