ईमरान उर्फ राजा संवाददाता
चतरा(सोनभद्र)। रामगढ़ में आयोजित पीडीए जन पंचायत को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री राजनारायण बिंद ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी और किसानों की बदहाली को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आम आदमी की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं को प्रतिवर्ष दो करोड़ नौकरी और रोजगार देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीवन मुश्किल कर दिया है, जबकि लघु एवं कुटीर उद्योगों के बंद होने से गरीब और मजदूर वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी छलावा साबित हुआ है। राजनारायण बिंद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्ग का उत्पीड़न बढ़ा है। उन्होंने पुलिस और अपराधियों की कथित सांठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि पीडीए वर्ग के लोगों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई जाति देखकर की जा रही है।
• बिंद समाज को एकजुट होकर सपा के पक्ष में मतदान की अपील
राजनारायण बिंद ने कहा कि भाजपा सरकार में बिंद समाज का जितना शोषण हुआ, उतना किसी अन्य सरकार में नहीं हुआ। उन्होंने पीडीए समाज से गांव-गांव जाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों को पहुंचाने और आगामी विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिंद समाज के हित में समाजवादी पार्टी की सरकार द्वारा किए गए कार्यों को बंद कर दिया है। उन्होंने भाजपा सरकार को पीडीए विरोधी बताते हुए कहा कि जनहित में इसे सत्ता से हटाना जरूरी है। वहीं, सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों की भर्ती में पीडीए वर्ग के आरक्षण के साथ अनियमितता की गई। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में आयोजित विभिन्न विभागों की 22 परीक्षाओं में पीडीए के लिए आरक्षित 11,514 पदों पर सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की भर्ती की गई। उन्होंने इसे पीडीए समाज के साथ बड़ा धोखा बताया।