मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। घर के बाहर खेल रहा प्रियांशु ट्रक को पीछे करते समय उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा है।
• अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सक ने मृत घोषित किया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीड़र गांव निवासी अमर पटेल का सात वर्षीय पुत्र प्रियांशु सुबह करीब आठ बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान घर के सामने खड़े ट्रक को पीछे किया जा रहा था। बालक ट्रक के पीछे मौजूद था और बैक करते समय पहिए की चपेट में आ गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया। प्रियांशु दो भाइयों में छोटा था। हादसे के समय परिवार के अधिकांश सदस्य घर के अंदर थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।