रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद आवासीय परिसर स्थित कर्मचारी कल्याण केंद्र (संगम क्लब) में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भव्य गणेश पूजनोत्सव का आयोजन किया गया। विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना के साथ तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पूजन में एनटीपीसी के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय श्रद्धालु और उनके परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
• पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन से भक्तिमय रहेगा माहौल
परियोजना प्रमुख सह कार्यकारी निदेशक संजय असाटी एवं महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की। महाप्रबंधक (ओएंडएम) प्रणय कुमार नायक एवं उनकी धर्मपत्नी रश्मि मोहंती ने यजमान की भूमिका निभाई। विद्वान पंडित रामजी द्विवेदी के मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। आरती में एनटीपीसी के अधिकारियों, पूजा समिति के पदाधिकारियों समेत सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार, संस्थान और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं उन्नति की कामना की। पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जीसी साहु ने बताया कि तीन दिनों तक पूजन-अर्चन, आरती और स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चलेगा। 16 सितंबर की शाम भगवान गणेश की प्रतिमा का विधि-विधान और ढोल-नगाड़ों के साथ विसर्जन किया जाएगा। आयोजन को लेकर कर्मचारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।