SVG इण्डिया न्यूज रूम
डाला(सोनभद्र)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुजरात के वडनगर से काशी के लिए निकली बाइक यात्रा का डाला में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। डाला रामलीला मैदान के सामने वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे थे। बाइक सवारों के स्वागत में बुलडोजर से पुष्पवर्षा की जा रही थी। इसी दौरान बुलडोजर के आगे-पीछे करने के दौरान सड़क के बीच बनी करीब चार फीट ऊंची डिवाइडर की दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से तीन बाइकें दब गईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
• जनहानि नहीं होने से टला बड़ा हादसा
घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने किसी तरह दबे वाहनों को बाहर निकाला। स्वागत कार्यक्रम में रॉबर्ट्सगंज विधायक भूपेश चौबे समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बुलडोजर से की जा रही पुष्पवर्षा कार्यक्रम का आकर्षण बनी रही, लेकिन डिवाइडर की दीवार गिरने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। घटना डाला चौकी क्षेत्र की है और हादसे के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है।