रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर को नल से जल’ योजना की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने योजना की जमीनी हकीकत जानने के लिए ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों से फोन पर सीधे फीडबैक लिया। लोढ़ी, बभनौली, पसही कला, तेंदुहार, अदलगंज, लोहरा और सोनबरसा समेत कई ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने की शिकायत की। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पटवध समूह पेयजल योजना से संबंधित कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
• दो दिन में टीम गठित कर पांच दिन में देनी होगी रिपोर्ट
डीएम ने संबंधित पेयजल योजना के सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित ग्रामों में टीम गठित कर पाइपलाइन, कनेक्शन, पानी की उपलब्धता और नियमित आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए। टीम का गठन दो दिवस में करते हुए पांच दिवस के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन जनहित से जुड़ी योजना है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ग्रामीणों को नियमित एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण समेत जल जीवन मिशन से जुड़े कंपनी प्रतिनिधि, अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।