रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने 27 अक्टूबर को जूम एप के माध्यम से जनपद के सभी ईआरओ और एईआरओ के साथ बैठक कर मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों तथा मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों से संबंधित शिकायतों की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 24 अक्टूबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में प्राप्त आपत्तियों की जांच कर डुप्लीकेट नामों के संबंध में 28 अक्टूबर को अपराह्न तक जांच रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मतदान केंद्रों से जुड़ी शिकायतों की भी जांच कर निर्धारित समय-सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
• पारदर्शिता के साथ निस्तारण पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित की जाए और राजनीतिक दलों से प्राप्त सभी आपत्तियों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल उपस्थित रहे।