सौरभ की रिपोर्ट
बीजपुर(सोनभद्र)। त्योहारों के बीच अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस ने दो दुकानों से कुल 920 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान रंजीत जायसवाल की दुकान से 750 किलोग्राम और राजेन्द्र गुप्ता की दुकान से करीब 170 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। जांच के दौरान पटाखों के भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले।
• असुरक्षित भंडारण पर पुलिस की कार्रवाई, विस्फोटक अधिनियम में केस
पुलिस के अनुसार, दोनों दुकानों में पटाखों का भंडारण असुरक्षित तरीके से किया गया था, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी। मामले में बीजपुर थाने पर मुकदमा संख्या 119/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी(1)(बी) में अभियोग दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।