बीजपुर(सोनभद्र)। सीआईएसएफ फायर विंग, एनटीपीसी रिहंद की ओर से गुरुवार को कंपोजिट विद्यालय बीजपुर एवं आदर्श रिहंद शिक्षा निकेतन एकेडमी में अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों विद्यालयों के करीब 390 छात्र-छात्राओं और 15 शैक्षणिक कर्मचारियों को आग लगने के संभावित कारणों, बचाव के उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के तरीके बताए गए। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की आग बुझाने के व्यावहारिक तरीकों और जरूरी सावधानियों की भी जानकारी दी गई।
• आपात स्थिति में बचाव के बताए गए उपाय
कार्यक्रम में सीआईएसएफ फायर विंग के अधिकारियों एवं जवानों ने आग लगने पर सतर्कता बरतने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने और अग्निशमन के सही तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया। प्रशिक्षण देने वालों में निरीक्षक अग्नि रामाज्ञा मौर्य, उपनिरीक्षक अग्नि रचित कुमार, हेड कांस्टेबल राजू कुमार शर्मा, मोहित राजवंशी और सुनील कुमार शामिल रहे।
रघुराज सिंह संवाददाता






