घोरावल(सोनभद्र)। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर घोरावल नगर स्थित गौशाला में नगर पंचायत अध्यक्ष सूरत श्रीवास्तव द्वारा विधि-विधान से गौ पूजन किया गया। नगर के काशीराम आवास के बगल में स्थित गौशाला में आयोजित पूजन कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष ने गौमाता को तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा आरती उतारकर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गौमाता को धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजन सामग्री एवं चारा अर्पित किया गया। कार्यक्रम में गोपाष्टमी पर्व की धार्मिक महत्ता पर भी चर्चा हुई।
• गौसेवा को बताया पुण्य का कार्य
गोपाष्टमी का पर्व भारतीय संस्कृति में गौमाता के प्रति श्रद्धा, सम्मान और सेवा का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर गौशालाओं में गौ पूजन और उनकी सेवा का विशेष महत्व है। गौमाता की देखभाल, संरक्षण और उनके लिए समुचित व्यवस्था करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा गौ पूजन के माध्यम से लोगों को गौसेवा के प्रति जागरूक रहने तथा बेसहारा गोवंश की देखभाल में सहयोग करने का संदेश दिया गया।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






