Breaking News
नाग पंचमी पर कुश्ती और खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम     |     बकहर नदी उफान पर, पुल के ऊपर बह रहा पानी, आवागमन ठप     |     पुलिया बहने से हजारों ग्रामीणों का संपर्क टूटा, कच्चे मकान की दीवार और ओसारी गिरी     |     
Thursday 7th August 2025 08:41:00 PM

सुनसान जंगल में शख्स पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, आरोपी फरार

Share on

  संवाददाता मनीष कुमार

रक्तरंजित हालत में जंगल में पड़ा मिला, 108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया

सोनभद्र (दुद्धी)। कोतवाली दुद्धी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अमवार चौकी अंतर्गत भिसूर गांव के जंगलों में सोमवार देर शाम एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।

घायल की पहचान शंभू (42 वर्ष) पुत्र लखपत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भिसूर गांव का निवासी है लेकिन वर्तमान में पुनर्वास कॉलोनी, अमवार में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने शंभू को फोन कर सुनसान इलाके में मिलने के लिए बुलाया था। शंभू बिना किसी संदेह के साइकिल से बताए गए स्थान पर पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने अचानक उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया।

रक्तरंजित हालत में जंगल में पड़ा मिला, 108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इधर राहगीरों की नजर जब जंगल के उस हिस्से में पड़ी, तो शंभू खून से लथपथ हालत में बेहोश पड़ा था। तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। अमवार चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को 108 एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस कर रही जांच, वारदात के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रारंभिक रूप से ऐसा प्रतीत होता है कि हमलावर ने किसी योजना के तहत शंभू को सुनसान स्थान पर बुलाया और जानलेवा हमला किया। अभी तक हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

इलाके में दहशत का माहौल, ग्रामीणों में भय व्याप्त

घटना के बाद से भिसूर गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह सुनसान जगह पर हमला होना गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि क्षेत्र में सुरक्षा की भावना बनी रहे।





Top