रिपोर्ट:डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए सोमवार को जनपद में भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस रैली में पुलिस विभाग, जिला पंचायत, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
तिरंगा बाइक रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर सर्ण जयतीं चौराहा, बढ़ौली चौराहा होते हुए रामलीला मैदान तक पहुंची। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि प्रत्येक नागरिक अपने आवास, स्कूल और सरकारी कार्यालयों में तिरंगा ध्वज को झंडा संहिता का पालन करते हुए सम्मानपूर्वक फहराएं।
उन्होंने कहा कि ध्वज फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी ऊपर की ओर होनी चाहिए। सरकारी परिसरों में सूर्योदय के बाद ध्वजारोहण किया जाए और सूर्यास्त के बाद सम्मानपूर्वक उतार लिया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निजी आवासों और प्रतिष्ठानों पर लगाए गए ध्वज को समयावधि के उपरांत आदरपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। ध्वज को कभी फेंका न जाए, बल्कि सम्मान के साथ फोल्ड कर संरक्षित किया जाए। उन्होंने सभी को यह भी याद दिलाया कि फटा, कटा या मैला ध्वज फहराना निषेध है और किसी अन्य ध्वज या पताका को राष्ट्रीय ध्वज से ऊंचा या बराबर में नहीं रखा जाना चाहिए। साथ ही, ध्वज पर कुछ भी लिखा या छापा नहीं जाना चाहिए और न ही इसे किसी वस्तु को पकड़ने, देने या ले जाने के लिए प्रयोग किया जाना चाहिए।
रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने भी जनमानस से आग्रह किया कि हर घर पर तिरंगा विधिवत तरीके से लगाया जाए, ताकि राष्ट्रीय सम्मान की भावना सशक्त हो। उन्होंने कहा कि ध्वज को ऐसी जगह लगाया जाए जहां से वह स्पष्ट रूप से दिखाई दे और झुका हुआ न हो।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।