वीरेंद्र कुमार संवाददाता
सोनभद्र। विंढमगंज स्थित कल्याण मंडप में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर गायत्री प्रज्ञा मंडल के तत्वावधान में साधना शताब्दी समारोह 2026 का भव्य व गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें वैदिक परंपरा अनुसार 1 पुंसवन, 2 अन्नप्राशन, 1 मुंडन तथा 5 विद्यारंभ संस्कार कराए गए। इन संस्कारों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और नैतिक जीवन के महत्व का संदेश जनमानस तक पहुंचाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के दौरान पांच कुंडीय यज्ञ में श्रद्धालुओं ने सामूहिक आहुति देकर विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की, वहीं वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। यज्ञ व संस्कार कार्यक्रम के उपरांत महाप्रसाद वितरण किया गया, जिसमें मातृशक्ति, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच, नैतिकता और आध्यात्मिक जागरण को मजबूत करते हैं, अंत में गायत्री प्रज्ञा मंडल विंढमगंज की ओर से सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।