SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग ने नया मुकाम हासिल किया। उत्तरप्रदेश के पहले स्पेस लैब (जनजातीय) का शुभारंभ कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर में सीडीओ जागृति अवस्थी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिक़ारी मुकुल आनन्द पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम के अतिथिजिन में डीपीआरओ नमिता शरण एवं डीसी मनरेगा भी शामिल रहे। इस दौरान स्पेश सूट पहने खड़े बच्चे स्पेस लैब के बारे में जानकारी देते दिखे। इस दौरान विद्यालय का वार्षिकोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। ग्राम प्रधान एवं विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग से बने स्पेस लैब को देख प्रशासनिक अधिकारी आह्लादित हो उठे। स्पेस लैब में टेलीस्कोप, मानव कंकाल, चंद्रयान एवं स्पेस संबंधित विविध मॉडल देख उपस्थित छात्रों से उनकी जानकारी ली एवं उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में इस शानदार पहल के लिए विद्यालय के शिक्षकों की भरपूर सराहना की।
विद्यालय के शानदार वार्षिकोत्सव का भी आयोजन
इस दौरान विद्यालय का वार्षिकोत्सव भी मनाया गया। विद्यालय के छात्राओं - शिक्षकों ने अतिथियों को तिलक लगा उनका स्वागत किया। वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र - छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। खासकर आदिवासी वेशभूषा में छात्राओं के पारंपरिक नृत्य ने उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान सीडीओ एवं बीएसए द्वारा बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन इंदुप्रकाश सिंह ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी, जिला महामंत्री इंदुप्रकाश सिंह, जिला संगठन मंत्री गणेश पाण्डेय, जिला मीडिया प्रभारी सौरभ कार्तिकेय, हिमांशु मिश्र, रामकिशुन, सर्वेश, राजकुमार समेत कई शिक्षकगण एवं अभिभावक मौजूद रहे।