Breaking News
शटरिंग का पटरा खिसकने से मजदूर की मौत     |     राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश     |     सीएमओ ने दुद्धी अस्पताल का किया निरीक्षण, आशाओं के मानदेय भुगतान के दिए निर्देश     |     
Share on

  मंजय वर्मा की रिपोर्ट

• 14 जून को होने वाली परीक्षा के लिए 13 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर हुई समीक्षा बैठक

मिर्जापुर। राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार को नोडल अधिकारी नामित करते हुए परीक्षा से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं की निगरानी करने का निर्देश दिया। स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्रों की तैयारियों का भौतिक सत्यापन करने तथा परीक्षा दिवस पर प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी एवं वीडियो रिकॉर्डिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।


• परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को परीक्षा केंद्रों के आसपास एंबुलेंस एवं चिकित्सा टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जबकि विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा। रोडवेज, रेलवे और परिवहन विभाग को परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा पर्याप्त परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। परीक्षा की तिथि 14 जून को केंद्रों के आसपास 200 गज की परिधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग और फोटो स्टेट की दुकानों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जनपद में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, अशोक कुमार त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।





Top