SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। जिले की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की दिशा में शासन की ओर से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि इसका उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है। डिजिटल लाइब्रेरी में ई-बुक्स, शैक्षणिक वीडियो, ऑनलाइन पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री और अन्य ज्ञानवर्धक संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
• आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा बड़ा फायदा
ग्राम पंचायत स्तर पर शांतिपूर्ण अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के साथ इंटरनेट आधारित शैक्षणिक संसाधनों तक पहुंच देने की योजना है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा भी डिजिटल पुस्तकों, सामान्य ज्ञान और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री का उपयोग कर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, यह पहल गांवों में डिजिटल शिक्षा और तकनीक की पहुंच मजबूत करने के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।