SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में जनपद स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा-2026 का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। परीक्षा में जिले के सभी 10 विकासखंडों से कक्षा 3, 5, 6 और 8 के कुल 85 मेधावी विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कक्षा 3 में करमा की नियति मौर्या ने 38 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि करमा के ही दिव्यांशु गोस्वामी 36 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कक्षा 5 में भी करमा के आयुष कुमार 34 अंकों के साथ प्रथम रहे। वहीं कक्षा 6 में करमा की गरिमा सिंह ने 37 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
• कक्षा 8 में भी करमा के आर्यन मौर्य ने हासिल किया दूसरा स्थान
कक्षा 8 में राबर्ट्सगंज के शौर्य 42 अंकों के साथ प्रथम रहे, जबकि करमा के आर्यन मौर्य ने 41 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और तार्किक क्षमता विकसित करना रहा। परीक्षा के संचालन में डीएलएड द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं ने पर्यवेक्षक एवं जांचकर्ता की भूमिका निभाई। प्रश्नपत्र डायट के विषय विशेषज्ञों ने तैयार किए। उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य रिद्धि पाण्डेय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।