SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। खनन पट्टे के दस्तावेज और चेक में कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने पूर्व सपा नेता खनन कारोबारी इस्तियाक अहमद खान को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सोनभद्र लेकर पहुंची और सिविल जज सीनियर डिवीजन एफटीसी कोर्ट में पेश किया। पुलिस की ओर से कोर्ट में रिमांड की मांग की गई है, जिस पर आज दोपहर आदेश आने की बात कही जा रही है। मामला रिंकी श्रीवास्तव के खनन पट्टे राधिका इंटरप्राइजेज से जुड़े दस्तावेज और चेक में कथित धोखाधड़ी का है। रिंकी श्रीवास्तव की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 3 सितंबर को इस्तियाक अहमद खान के घर पर छापा मारा था। इस्तियाक अहमद खान ओबरा नगर पंचायत के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने 3 सितंबर को ओबरा स्थित उनके आवास पर रेड की थी। पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान इस्तियाक अहमद खान घर पर नहीं मिला और इसके बाद वह ओबरा से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मुंबई से गिरफ्तार किया और आज कोर्ट में पेश किया।
पुलिस की ओर से इस्तियाक अहमद खान को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है। मामले में आज दोपहर रिमांड को लेकर कोर्ट का फैसला आने की बात कही जा रही है। इस्तियाक अहमद खान की पेशी को देखते हुए सोनभद्र जिला न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।