Breaking News
शटरिंग का पटरा खिसकने से मजदूर की मौत     |     राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश     |     सीएमओ ने दुद्धी अस्पताल का किया निरीक्षण, आशाओं के मानदेय भुगतान के दिए निर्देश     |     
Share on

  शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट

शराब पार्टी के बाद रची गई खूनी साजिश, चाकू और पत्थर से वार कर उतारा मौत के घाट

सोनभद्र। 9 जून को हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। दुद्धी थाना क्षेत्र के महुअरिया गांव निवासी समारी सिंह गोंड़ की हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश नहीं बल्कि अवैध संबंधों का विवाद निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का आरोपी की पत्नी के साथ अवैध संबंध था, जिसका आरोपी लगातार विरोध कर रहा था। कई बार समझाने और मना करने के बावजूद जब मृतक नहीं माना तो आरोपी के मन में आक्रोश बढ़ता गया और उसने खौफनाक वारदात की साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेन्द्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। आखिर कैसे अवैध संबंधों की कहानी खूनी अंजाम तक पहुंची और किस तरह पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पूरे मामले की परतें खोल दीं। 9 जून को दुद्धी थाना क्षेत्र के महुअरिया गांव निवासी समा सिंह गोंड़ की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और हत्या के हर पहलू की गहन पड़ताल शुरू हुई।तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारियों के आधार पर पुलिस लगातार आरोपी तक पहुंचने का प्रयास करती रही। जांच के दौरान जो कहानी सामने आई उसने सभी को चौंका दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र विश्वकर्मा की पत्नी और मृतक समा सिंह गोंड़ के बीच अवैध संबंध थे। आरोपी इस रिश्ते का लगातार विरोध करता था और कई बार मृतक को उसकी पत्नी से दूर रहने की चेतावनी भी दे चुका था। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। यही बात आरोपी को अंदर ही अंदर परेशान कर रही थी और उसके मन में गहरा आक्रोश पैदा हो गया था। धीरे-धीरे यही नाराजगी हत्या की साजिश में बदल गई।

पुलिस के मुताबिक 9 जून को आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से मृतक को फोन कर लीलासी क्षेत्र बुलाया। इसके बाद दोनों ग्राम मुरता स्थित बेमा नदी पुलिया के नीचे पहुंचे जहां बैठकर शराब पी गई। मृतक को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उसके साथ बैठा व्यक्ति पहले से ही उसकी हत्या की योजना बना चुका है। शराब पीने के दौरान ही आरोपी ने मौका देखकर अपने पास रखे चाकू और मौके पर पड़े पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण समा सिंह गोंड़ की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी वहां से फरार हो गया। वारदात के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसी क्रम में पुलिस ने बघाडू- रोड के पास से आरोपी राजेन्द्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त यूपी 64 बीबी 9969 नंबर की मोटरसाइकिल तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर को भी साक्ष्य के रूप में संकलित किया है। 48 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाकर दुद्धी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस का कहना है कि अवैध संबंधों को लेकर उपजे विवाद और मानसिक तनाव के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस खुलासे के बाद इलाके में चर्चा का विषय बनी इस हत्या की पूरी कहानी अब सामने आ चुकी है।

वहीं मामले की जानकारी देते हुए एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि 9 जून को दुद्धी थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना के बाद पुलिस ने तत्काल गंभीरता से जांच शुरू की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीम की सतत कार्रवाई के आधार पर आरोपी राजेन्द्र विश्वकर्मा को बघाडू-बीरसिंह रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





Top