मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जमीनी स्तर पर उनकी प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी रमेश मिश्रा ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम के साथ समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में आयुष्मान कार्ड बनाने में आ रही दिक्कतों को लेकर आशाओं से चर्चा की गई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं करीब दो माह से लंबित आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय को आगामी दो दिनों के भीतर जारी कराने की बात कही। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों से फील्ड में आने वाली समस्याओं और चुनौतियों के बारे में भी जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लड बैंक, वार्ड तथा अस्पताल परिसर का भी जायजा लिया।
• अस्पताल की मरम्मत और अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई के संकेत
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी रमेश मिश्रा ने बताया कि बरसात के दौरान अस्पताल भवन की छत से पानी टपकने की जानकारी मिली है। इसके लिए इंजीनियर से आकलन कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुद्धी का ब्लड बैंक बेहतर तरीके से कार्य कर रहा है, लेकिन क्षेत्र में ब्लड कैंसर के मरीजों की संख्या को देखते हुए इसे और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में संचालित अवैध अस्पतालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई किए जाने की बात कही। इस अवसर पर डॉ. वरुणनिधि, डॉ. विनोद सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।