अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी-छत्तीसगढ़ सीमा से 22 कुंतल अवैध कत्था लदी पिकअप बरामद की है। बुधवार रात करीब 11:40 बजे मुखबिर की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम ने रमपाकुरर जंगल के पास घेराबंदी की, जहां छत्तीसगढ़ सीमा से उत्तर प्रदेश की ओर आ रही पिकअप वाहन को रोक लिया गया। जांच के दौरान वाहन से कुल 514 नग कत्था की लकड़ी बरामद हुई, जिसका वजन लगभग 22 कुंतल बताया गया। बरामद लकड़ी की अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पूछताछ में चालक इंद्रेश पुत्र रामरतन, निवासी पोखरा थाना बभनी ने बताया कि कत्था छत्तीसगढ़ के केनवारी से लोड किया गया था और उसे खीरे के नीचे छिपाकर बनारस ले जाया जा रहा था।
• तीन दिन पहले भी हुई थी बड़ी बरामदगी, तस्करों पर वन विभाग की सख्ती जारी
वन क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश चौबे ने बताया कि पिकअप वाहन संख्या UP 64 AT 2635 को चालक सहित कब्जे में लेकर भारतीय वन अधिनियम की धारा 5/26, 41, 42, 59 एवं 52A के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है तथा आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व भी वन विभाग ने बभनी के घघरा क्षेत्र से 165 बोटा कत्था की लकड़ी बरामद की थी। इसके बावजूद तस्करों ने नया तरीका अपनाकर लकड़ी की तस्करी का प्रयास किया, लेकिन वन विभाग और पुलिस की सतर्कता के चलते एक बार फिर उनकी योजना विफल हो गई। इस कार्रवाई में डिप्टी रेंजर अभिषेक कुमार गुप्ता, वन दरोगा अखिलेश यादव, वन दरोगा शशांक सिंह, उपनिरीक्षक शिवमूरत यादव, हेड कांस्टेबल सुधाकर यादव, प्रदीप कुमार सिंह और रामआशीष यादव शामिल रहे।