वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मुडिसेमर स्थित मालिया नदी तट के प्राचीन शिव मंदिर पर आठ दिनों से चल रहा श्री विष्णु महायज्ञ एवं नवाह पारायण शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न हो गया। यज्ञ का नेतृत्व वेद मोहनदास ब्रह्मचारी द्वारा किया गया। समापन दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और यज्ञ मंडप में हवन-पूजन के बाद पूर्णाहुति दी गई। कथा के अंतिम दिन कथावाचक कृति किशोरी ने भगवान श्रीराम के रावण वध, अयोध्या आगमन और राजतिलक प्रसंग का मार्मिक वर्णन किया। कथावाचक रेशमी शास्त्री एवं वैष्णो दास ने रामराज्य को आदर्श जीवन मूल्यों का प्रतीक बताते हुए धर्म, न्याय और मर्यादा का संदेश दिया।
हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों सहित झारखंड व छत्तीसगढ़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कथा वाचकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में संरक्षक रमेश चंद्र एडवोकेट, अध्यक्ष सरजू प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष राममूर्ति यादव, कोषाध्यक्ष राधेश्याम पासवान सहित अनेक कार्यकर्ता व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भजन-कीर्तन और सेवा कार्य में जुटे युवाओं ने पूरे आयोजन को भक्ति मय वातावरण में सफल बनाया।