शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बीएन सिंह और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में होली, होलिका दहन और पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धर्मगुरुओं, उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। विगत वर्षों के अनुभवों के आधार पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
• बिजली और पेयजल आपूर्ति पर विशेष जोर
बैठक में त्योहारों के दौरान शाम के समय पर्याप्त विद्युत आपूर्ति और समुचित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज व पिपरी को निर्देशित किया कि होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण कर लें और जहां भी बिजली के तार या पोल समीप हों, वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि कोई विद्युत जनित दुर्घटना न हो। निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
• भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि होलिका दहन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रहती है, इसलिए भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संभावित रूटों और प्रमुख स्थानों पर सतत निगरानी रखी जाए ताकि कोई अवांछित तत्व कानून व्यवस्था प्रभावित न कर सके।
• स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग को ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के सभी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। बर्न यूनिट को विशेष रूप से अलर्ट मोड में रखने को कहा गया ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
• खाद्य मिलावट पर सख्ती की हिदायत
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्रियों की टीम बनाकर नियमित जांच की जाए। किसी भी प्रकार की मिलावट की शिकायत मिलने पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
• साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था
नगर निकायों को होलिका दहन स्थलों की निगरानी करते हुए साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा प्रमुख स्थानों पर टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति कराने के निर्देश दिए गए। त्योहारों से पूर्व और पश्चात विशेष सफाई अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
• अवैध और जहरीली शराब पर निगरानी के निर्देश
जिला आबकारी विभाग को निर्देशित किया गया कि प्रमुख क्षेत्रों में विशेष टीम गठित कर निगरानी रखी जाए। अंतरराज्यीय सीमाओं पर पुलिस के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर अवैध या जहरीली शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियां संज्ञान में आते ही तत्काल जांच और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।