शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पीस कमेटी बैठक के दौरान जिलाधिकारी बीएन सिंह ने त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाया। होली और रमजान माह के दौरान बाजारों में मिठाइयों, नमकीन, पेय पदार्थों व अन्य खाद्य सामग्री की बढ़ती बिक्री को देखते हुए डीएम ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री से आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
• टीम बनाकर लगातार जांच और शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को टीम गठित कर नियमित रूप से बाजारों की जांच करने को कहा। विशेष रूप से त्योहारों के दौरान अधिक बिकने वाली खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर उनकी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी प्रकार की अपमिश्रण की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध त्वरित और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।