वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में रविवार दोपहर बिजली के तार से उठी चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया, जिससे भारी नुकसान हो गया। गांव निवासी विरझु राम अपने खेत का करीब सौ बोझ गेहूं ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर ला रहे थे, तभी घर के पास लटक रहे बिजली के तार के संपर्क में आने से चिंगारी निकली और ट्रॉली पर रखे गेहूं में आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर का इंजन अलग कर बचा लिया, लेकिन ट्रॉली और उस पर रखा पूरा गेहूं जलकर राख हो गया।
• आग की चपेट में पशु और दूसरी फसल भी, मुआवजे की मांग
आग ने विकराल रूप लेते हुए पास में बंधे उदित भारती के दो पशुओं को बुरी तरह झुलसा दिया, वहीं महेश प्रसाद के खेत में रखा करीब 50 बोझ गेहूं भी जल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका, जबकि करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पीड़ित किसानों ने बताया कि उनकी पूरी फसल जल गई, जिससे उनके सामने खाने तक का संकट खड़ा हो गया है। ग्राम प्रधान विमल यादव ने लेखपाल अशोक कुमार को सूचना देकर प्रशासन से पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है।