रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी सीआईएसएफ रिहंद इकाई परिसर में एक प्रधान आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतक अरुण कुमार पुत्र स्व. गणेश राम, निवासी बीबीपुर (गाजीपुर) हाल पता सीआईएसएफ कॉलोनी क्वार्टर बी-62, रात्रि ड्यूटी के बाद सुबह अपने क्वार्टर लौटे थे। इसी दौरान कथित रूप से दुपट्टे के सहारे पंखे की हुक से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई, वहीं पत्नी पुष्पा देवी के चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे।
• पुलिस जांच में जुटी, फॉरेंसिक टीम करेगी पड़ताल
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटी दीप शिखा और दो बेटे मुकेश कुमार व आयुष कुमार को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।