मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। कस्बे में एनएच-39 मार्ग पर डीआर पैलेस के समीप बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि करौदा राजगढ़ (मिर्जापुर) निवासी दिलीप कुमार और रंजीत कुमार तिलक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और बाजार से लौटते समय उनकी अपाची बाइक सामने से आ रही होंडा साइन बाइक से भिड़ गई। दूसरी बाइक पर पतरिहा निवासी मुकेश कुमार और सूरज सवार थे। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
• सिर में गंभीर चोट, डॉक्टर ने किया रेफर
सीएचसी में चिकित्सक वरुणा निधि ने प्राथमिक उपचार के बाद रंजीत कुमार को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य तीन घायलों दिलीप कुमार, मुकेश कुमार और सूरज का इलाज सीएचसी में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और प्रारंभिक जांच में तेज गति व लापरवाही को हादसे का कारण बताया जा रहा है, फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।