रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। म्योरपुर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत अंजानी में युवा समाजसेवी श्याम मोहन पिछले तीन वर्षों से एक अनोखी पहल के जरिए लोगों के बीच मिसाल बनते नजर आ रहे हैं। गांव में किसी भी बेटी की शादी की जानकारी मिलते ही वे बिना निमंत्रण के मौके पर पहुंचकर सहयोग करते हैं। वे अपनी ओर से एक पंखा, एक संदूक, करीब 50 किलो अनाज और कुछ आर्थिक सहायता देकर परिवार की मदद करते हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को काफी सहारा मिलता है।
• समाज सेवा से मिलती है संतुष्टि, आगे भी जारी रखने का संकल्प
श्याम मोहन का कहना है कि वे बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लोगों की बेटियों की शादी में सहयोग करते हैं और इसे अपना फर्ज मानते हैं। उनके अनुसार, इस छोटे से सहयोग से परिवार और बेटियों के चेहरे पर आने वाली खुशी उन्हें सुकून देती है। उन्होंने कहा कि जब तक संभव होगा, वे इसी तरह समाज सेवा करते रहेंगे और जरूरतमंद परिवारों की मदद करते रहेंगे।