SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षामित्रों के सम्मान और बढ़े हुए मानदेय के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार प्रतिमाह किए जाने पर खुशी जताई गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजय कुमार गौड़ ने कहा कि सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम कर रही है और शिक्षकों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने शिक्षामित्रों की भूमिका को समाज के अंतिम पायदान तक शिक्षा पहुंचाने में अहम बताया।
• उत्कृष्ट शिक्षामित्रों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे और घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने भी शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार के इस फैसले की सराहना की। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि स्मार्ट क्लास, विद्यालयों के सुंदरीकरण और मानदेय वृद्धि जैसे कदमों से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। इस दौरान पांच उत्कृष्ट शिक्षामित्रों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रतीकात्मक रूप से बढ़े हुए मानदेय का चेक दिया गया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और अतिथियों ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए शिक्षण सामग्री स्टॉल का अवलोकन कर उनके कार्यों की सराहना की।