अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बभनी परिसर के पास मेडिकल वेस्ट के साथ कूड़े के ढेर में बड़ी मात्रा में जली हुई दवाएं मिलने का मामला सामने आया है। दवाओं में गोलियां, इंजेक्शन और सिरप शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में अक्सर मरीजों को दवाएं उपलब्ध न होने की बात कहकर बाहर से खरीदने की सलाह दी जाती है, जबकि अस्पताल की दवाएं कचरे में मिली हैं। कुछ लोगों ने दावा किया कि फेंकी गई दवाएं उपयोग योग्य थीं, हालांकि जल जाने के कारण उनकी एक्सपायरी की पुष्टि नहीं हो सकी। मामले में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला सह सचिव ने जिलाधिकारी से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
• प्रभारी अधीक्षक बोले- सभी दवाएं एक्सपायरी थीं
मामले पर सीएचसी बभनी के प्रभारी अधीक्षक डॉ. राजन सिंह ने बताया कि मेडिकल वेस्ट एकत्र करने के दौरान एक्सपायरी दवाओं का कंटेनर आया था। संभवतः कुछ दवाएं उसी समय गलती से नीचे गिर गईं, जो सफाई के दौरान कचरे के ढेर में चली गईं और बाद में जल गईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिली हुई सभी दवाएं एक्सपायरी थीं। वहीं, मेडिकल वेस्ट के साथ खुले में दवाएं जलाए जाने को लेकर पर्यावरणीय प्रभाव पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।