रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद परियोजना में गुरुवार को “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” विषय के साथ स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का शुभारंभ किया गया। सर्विस बिल्डिंग स्टेज-2 स्थित सीआरएफ बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) प्रणय कुमार नायक ने अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदाकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। • स्वच्छता अभियान के साथ वृक्षारोपण, चित्रकला व जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित
अभियान के तहत एनटीपीसी रिहंद के संयंत्र एवं आवासीय परिसर में नियमित स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। आसपास के क्षेत्रों में भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता वार्ता, सामूहिक वृक्षारोपण, निबंध लेखन, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी और चित्रकला प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। परियोजना की ओर से अभियान को स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवेश के निर्माण की दिशा में सामूहिक सहभागिता का प्रयास बताया गया।