अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। हिंडालको ग्रामीण विकास विभाग रेणुकूट की ओर से विकास खंड बभनी के विभिन्न गांवों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में एक माह के दौरान कुल 577 मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार किया गया। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव के आसपास ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान मरीजों की जांच के साथ उन्हें आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। साथ ही ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
• ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की पहल
हिंडालको ग्रामीण विकास विभाग के सीएसआर प्रमुख अनिल कुमार झा के नेतृत्व में बिछियारी, डुमरहर, हथियार, चपकी, खोतोमहुआ, करकच्छी, बहेड़ाडोल और कोंगा सहित विभिन्न गांवों में शिविर लगाए गए। असनहर स्थित परिवार कल्याण केंद्र पर सोमवार को आयोजित शिविर के साथ अभियान का समापन हुआ। चिकित्सक डॉ. विवेक कुमार ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां वितरित कीं। अनिल कुमार झा ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे। इस अवसर पर ग्रामीण विकास अधिकारी प्रदीप कुमार सोनी, मुख्य ब्लॉक संयोजक लालकेश कुशवाहा, शिव पूजन, अजहर इमाम, विजय कुमार, रामचरण, सरोज देवी, राजे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।