वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने सोमवार की शाम करीब छह बजे विंढमगंज थाना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान मां काली मंदिर तिराहा, बैंक रोड, सब्जी मंडी, आभूषण की दुकानों सहित विभिन्न बाजारों और गलियों का निरीक्षण किया गया। क्षेत्राधिकारी ने दुकानदारों से प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की अपील की। साथ ही दुकानों में अधिक नकदी नहीं रखने और बड़ी रकम को दिन के उजाले में स्थानीय पुलिस की मदद लेकर सुरक्षित बैंक में जमा कराने की सलाह दी।
• बाजारों और गलियों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने गलियों के ऊपर लगे तिरपाल और प्लास्टिक हटाने के लिए सख्त निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान छिनैती और चोरी जैसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। उन्होंने दुकानदारों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही। फ्लैग मार्च के दौरान थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।