रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिले में औद्योगिक विकास और बेहतर आवागमन की दिशा में योगी सरकार ने बड़ी पहल की है। औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत जिले की तीन प्रमुख सड़कों के सुदृढ़ीकरण और सतह सुधार के लिए 125 करोड़ 25 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर जारी किया गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि 15.84 किलोमीटर लंबे चोपन-कोटा-कोन-खरौंधी मार्ग के सुधार पर 41 करोड़ 56 लाख 3 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं, 12.150 किलोमीटर लंबे आरएस रोड से कोदरा टोला मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 25 करोड़ 83 लाख 76 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान होने के साथ माल और कच्चे माल के परिवहन में भी सुविधा मिलेगी।
• वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के 18.287 किलोमीटर हिस्से पर खर्च होंगे 57.85 करोड़
इसी क्रम में वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे-5ए के 166.130 से 184.417 किलोमीटर तक के 18.287 किलोमीटर हिस्से का सुदृढ़ीकरण एवं सतह सुधार कराया जाएगा। इस कार्य पर 57 करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़कों के बेहतर होने से औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक गतिविधियों और भारी वाहनों के आवागमन को गति मिलेगी। साथ ही परिवहन लागत और यात्रा में लगने वाला समय कम होगा। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों और किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य मजबूत आधारभूत ढांचे के जरिए जिले में औद्योगिक विकास के साथ आमजन की सुविधाओं का विस्तार करना है।