रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिंडारी के टोला संचिराडार में मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से छोटेलाल भारती (34) पुत्र जागीरती भारती गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के समय तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी। हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल पीआरवी-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस युवक को तत्काल धनवंतरी चिकित्सालय, एनटीपीसी रिहंद नगर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
• पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की विधिक कार्रवाई
घटना के दौरान कुछ दूरी पर मौजूद मृतक की 12 वर्षीय पुत्री रीया भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मामूली रूप से प्रभावित हुई, हालांकि वह सुरक्षित है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और शव को शीतगृह में रखवा दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए दुद्धी भेजा जाएगा। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मृत्यु हुई है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.