SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने प्रस्तावित स्वगणना अभियान को लेकर अधिकारियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एनटीपीसी रिहन्द, एनसीएल ककरी, अल्ट्राटेक, हिण्डालको और ग्रासिम इंडस्ट्रीज सहित कई संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक आवासीय परिसरों में रहने वाले परिवारों के मुखिया अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से स्वयं स्वगणना प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि 7 मई से 21 मई तक चलने वाले इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी और जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।
• छात्रों से लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तक को जोड़ने की तैयारी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के डिग्री कॉलेजों, इंटरमीडिएट विद्यालयों, आईटीआई संस्थानों तथा वित्तपोषित एवं वित्तविहीन शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। छात्र-छात्राओं को स्वगणना प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें अपने परिवार और गांव-मोहल्लों में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों और स्वयं सहायता समूह की सखियों को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए। पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया और प्रचार वाहनों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, जनगणना अधिकारी प्रियांशा सिंह, जनगणना सहायक अनिल कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।