SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
सोनभद्र। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने आटे में शैलखड़ी (सोप स्टोन) व चावल आदि की संभावित मिलावट की शिकायतों के मद्देनजर जनपद की आटा निर्माण इकाइयों पर विशेष अभियान चलाया। विभागीय टीम ने मे. अनन्या फूड किंग इंडस्ट्रीज प्रा. लि. एवं मे. शरद इंडस्ट्रीज (लसड़ा, पोस्ट-अवछोर) का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों को पैलेट पर रखने के निर्देश दिए। मे. शरद इंडस्ट्रीज में मिली कमियों को दूर करने के लिए सुधार सूचना भी जारी की गई। दोनों इकाइयों से गेहूं के आटे के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजे गए तथा शेष नमूनों को नियमानुसार सीज कर संबंधित स्वामियों की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
• घोरावल की इकाई से भी लिया गया आटे का नमूना
इसी अभियान के तहत मे. मां वैष्णों इंडस्ट्रीज, ग्राम सिरसाई, घोरावल का भी निरीक्षण किया गया, जहां से गेहूं के आटे का नमूना संग्रहित कर संबंधित प्रयोगशाला भेजा गया। विभाग ने बताया कि खाद्य विश्लेषक की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया गया।
.