वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के करहिया ग्राम पंचायत के बासीन नावा टोला में उस समय हड़कंप मच गया जब जंगल में एक महिला का कंकाल मिलने की सूचना फैली। मृतका की पहचान रमेश चेरो की पत्नी सुभगीया देवी (32) के रूप में हुई। बताया गया कि महिला बीते 10 मई से लापता थी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी दुद्धी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा शव के अवशेष को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया है।
• तिलक समारोह के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी महिला
मृतका के पति रमेश चेरो के अनुसार 10 मई को वह पत्नी और बच्चों के साथ पड़ोसी विजय चेरो के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। भोजन के बाद उन्होंने पत्नी से घर चलने को कहा, लेकिन महिला ने थोड़ी देर बाद आने की बात कही। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में लगातार खोजबीन की। इसी बीच घर से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में मवेशी चरा रहे चरवाहों ने तेज दुर्गंध और झाड़ियों में पड़ी साड़ी देखकर शोर मचाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।