रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय उद्योग बंधु बैठक में नवागत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में व्यापारियों और उद्यमियों ने जिले की कई प्रमुख समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि एमएसएमई, ओडीओपी और स्वरोजगार योजनाओं की फाइलें महीनों से बैंकों में लंबित पड़ी हैं, जिससे युवाओं और उद्यमियों का उत्साह खत्म हो रहा है। उन्होंने प्रत्येक बैंक में एमएसएमई नोडल अधिकारी नियुक्त करने, लंबित फाइलों की साप्ताहिक समीक्षा कराने और ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम सार्वजनिक करने की मांग उठाई। बैठक में सड़क हादसों का मुद्दा भी छाया रहा। कौशल शर्मा ने कहा कि सोनभद्र की सड़कें अब “किलर रोड” बन चुकी हैं और पिछले 36 दिनों में 27 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो चुकी है। उन्होंने राहबीर योजना और कैशलेस उपचार योजना 2025 के प्रचार-प्रसार की कमी पर सवाल उठाते हुए कहा कि गोल्डन ऑवर में उपचार और मदद की जानकारी आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रही है।
• फ्लाईओवर के नीचे बस संचालन और फाइनेंस कंपनियों की मनमानी पर भी उठा सवाल
नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने मिर्जापुर डिपो की बसों के फ्लाईओवर के नीचे से संचालन पर नाराजगी जताई और कहा कि इससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है, यहां तक कि कई बार एंबुलेंस भी फंस चुकी हैं। वहीं जिला मंत्री नागेंद्र मोदनवाल ने आरोप लगाया कि प्राइवेट फाइनेंस कंपनियां एक-दो किस्त बकाया होने पर गिरोह बनाकर जबरन गाड़ियां उठाकर यार्ड में खड़ी कर देती हैं और अवैध वसूली के बाद ही वाहन छोड़े जाते हैं। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष नरेंद्र गर्ग, नगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, जिला महामंत्री मनोज जालान, नवल बाजपेई, विमल जालान, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता, संदीप सिंह, अजीत जायसवाल, नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन, जिला मंत्री कृष्णा सोनी, विनय जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, राजू जायसवाल, नगर मंत्री अभिषेक केसरी, नगर कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ सांवरिया और नगर संयोजक अमित अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।