शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। पेट्रोलियम बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अनूठी पहल करते हुए मंगलवार को अपने आवास से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए छोटी दूरी तय करने में पैदल चलने, साइकिल और सार्वजनिक परिवहन साधनों का अधिक उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत केवल आर्थिक मजबूती नहीं बल्कि पर्यावरण सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा विषय है।
• सप्ताह में दो दिन सार्वजनिक परिवहन अपनाने और ऑनलाइन बैठकों पर दिया जोर
जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि आपसी समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण, समाधान दिवस, किसान दिवस और अन्य बैठकों में प्रतिभाग करें ताकि अनावश्यक ईंधन खपत को कम किया जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि सप्ताह में कम से कम दो दिन ऐसे तय किए जाएं जब फील्ड भ्रमण न हो और उस दिन कार्यालय आने-जाने के लिए बस, ई-रिक्शा तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक बैठकों को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने पर भी बल दिया गया, जिससे समय और संसाधनों की बचत सुनिश्चित हो सके।