रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। म्योरपुर विद्युत विभाग द्वारा गुरुवार को सेवकामोड़ पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि कैंप में नया विद्युत कनेक्शन, लोड वृद्धि, बिजली बिल भुगतान, बकाया समायोजन सहित विद्युत से जुड़ी अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। विभाग ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कैंप का लाभ उठाने की अपील की है।
• 10 हजार से अधिक बकाया वालों पर कनेक्शन काटने की चेतावनी, किश्तों में बिल जमा करने की सुविधा
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से कहा है कि कैंप में आने से पहले अपने मीटर नंबर और मीटर रीडिंग का स्पष्ट वीडियो बनाकर साथ लाएं, ताकि बिजली बिल सुधार में आसानी हो सके। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन उपभोक्ताओं पर 10 हजार रुपये से अधिक का बकाया है और वे भुगतान नहीं करते हैं, उनका कनेक्शन विच्छेदित किया जा सकता है। वहीं उपभोक्ताओं को किश्तों में बिजली बिल जमा करने की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे बकाया भुगतान में राहत मिल सके।