Breaking News
कनहर बांध के 13 फाटक खुले, पानी की फुहार देखने उमड़ी भारी भीड़     |     भक्ति और साहित्य के महान साधक तुलसीदास की जयंती पर व्यक्तित्व-कृतित्व पर हुआ मंथन     |     विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी के कड़े निर्देश     |     
Share on

  SVG इण्डिया न्यूज रूम

• साप्ताहिक निरीक्षण के लिए अधिकारियों की टीम होगी गठित, मिड-डे मील में लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जनपद के विद्यालयों में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने के संबंध में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय को निर्देशित किया कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन के साथ पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, विद्युत, फर्नीचर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। मिड-डे मील की समीक्षा करते हुए उन्होंने बच्चों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भोजन की गुणवत्ता या वितरण व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रभावी निरीक्षण के लिए अधिकारियों की टीम गठित करने के निर्देश दिए। टीम में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं खंड शिक्षा अधिकारी को शामिल करते हुए विद्यालयों का साप्ताहिक निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण में पठन-पाठन की गुणवत्ता, शिक्षकों की उपस्थिति, मिड-डे मील, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, विद्युत, फर्नीचर एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का सत्यापन किया जाएगा।

बैठक में माध्यमिक विद्यालयों, जवाहर नवोदय विद्यालय, आईटीआई संस्थानों एवं डिग्री कॉलेजों में विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं, शिक्षा व्यवस्था एवं प्रशिक्षण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान किसी विद्यालय में अनियमितता, लापरवाही अथवा व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर खंड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा के प्राचार्य प्रमोद कुमार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, प्राचार्य, खंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





Top