रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। समूचे क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही मूसलाधार बारिश से डोडहर ग्राम सभा के विभिन्न टोलों में करीब आठ लोगों के मकान धराशायी हो गए। घर गिरने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीण बरसात के दिनों में जर्जर मकानों में डर के साये में रहने को मजबूर हैं। ग्राम प्रधान केपी पाल के अनुसार रामगोविंद वैश्य निवासी गुलरडिहवा, रामकृपाल, सबिता देवी निवासी बस्ती, शीला दुबे निवासी डोडहर, कृष्णा पाल निवासी पाल बस्ती, अयोध्या भारती निवासी जलवा टोला, जुझन पाल निवासी पाल बस्ती और इमरती देवी निवासी जलवा टोला के मकान भारी बारिश में धराशायी हो गए।
मकान गिरने से प्रभावित परिवारों के सामने बरसात में सुरक्षित रहने की गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से आपदा राहत कोष से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों के लिए आवास की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान जर्जर मकानों में रहना उनके परिवारों के लिए खतरे से खाली नहीं है।